
सारंगढ़ । सेवा संकल्प अभियान के तहत 22 सितंबर को दोपहर 3 बजे जिला अस्पताल सारंगढ़ के सभा कक्ष में अंगदान कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को अंगदान जैसे मानवीय और जीवनदायी संकल्प से जोड़ना और अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करना है। स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिलेवासियों से बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है और किसी व्यक्ति का संकल्प जरूरतमंद के जीवन में नई आशा का आधार बन सकता है। यह मानव कल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल है।
सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधियों और संस्थाओं से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अंगदान मानव सेवा का ऐसा माध्यम है जिससे व्यक्ति अपने जीवन के बाद भी जरूरतमंदों के जीवन को संवारने में योगदान दे सकता है। इस कार्यक्रम में नागरिकों को अंगदान के महत्व की जानकारी दी जाएगी और संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि जिलेवासी 22 सितंबर को दोपहर 3 बजे जिला अस्पताल के सभा कक्ष में पहुंचकर इस जनहितकारी पहल में सहभागी बनें।



