
सारंगढ़ । छग पुलिस के मार्ग दर्शन में जिले में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। पांचवें सप्ताह 13 से 19 सितंबर के तहत आज जिलेभर में विशेष शिविर लगाए गए। इस सप्ताह का फोकस असंगठित क्षेत्र के नौकरीपेशा युवाओं व श्रमिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाना है । आज थानों, चौकियों, ग्रामीण इलाकों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों व हाट-बाजारों सहित कुल 78 स्थानों पर शिविर लगाकर 5185 नागरिकों को जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कैसे ठग बेरोजगारों व श्रमिकों की विवशता का फायदा उठाकर शिकार बना रहे हैं।
पुलिस ने समझाया सोशल मीडिया व मैसेज पर रातों-रात अमीर बनाने वाले फर्जी जॉब अलर्ट, रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर लूट व फिशिंग लिंक्स से सावधान रहें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें, निजी व बैंक विवरण साझा न करें। युवाओं को रोजगार कार्यालय, आईटीआई, कौशल विकास केंद्र, श्रमिक सहायता केंद्र जैसे प्रमाणिक माध्यमों से रोजगार लेने की सलाह दी गई।पुलिस ने अपील की है सतर्कता ही बचाव है, नौकरी के नाम पर अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें, एटीएम पिन, ओटीपी, यूपीआई पिन साझा न करें। किसी भी ठगी पर तुरंत नजदीकी थाने, साइबर हेल्प डेस्क या राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।



