
सारंगढ़। पुलिस के साइबर जागृति अभियान के चौथे हफ्ते में आज जिले में 67 जगहों पर कार्यक्रम आयोजित कर 6097 लोगों को जागरूक किया गया। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस हफ्ते का विषय स्मार्ट फोन की प्राइवेसी और सुरक्षित इंटरनेट है। थानों, चौकियों, गांवों, स्कूलों व कॉलेजों में कार्य क्रम हुए। पुलिस ने बताया कि – तुरंत लोन देने वाले फर्जी ऐप्स से बचें, ये बिना अनुमति फोन का डेटा चुराकर ब्लैकमेल करते हैं। बिजली बिल अपडेट या कनेक्शन काटने के नाम पर आने वाले मैसेज से सतर्क रहें। बिजली विभाग इस तरह व्यक्तिगत मैसेज नहीं भेजता।
घर बैठे पार्ट-टाइम नौकरी व सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लुभावने ऑफर से सावधान रहें। पार्सल में ड्रग्स या अवैध सामान मिलने व कस्टम द्वारा पकड़े जाने के नाम पर डराने वाले कॉल पूरी तरह फर्जी हैं। पुलिस या एजेंसी कभी ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने को नहीं कहती। एआई व डीपफेक से अपनों की आवाज – वीडियो बनाकर ठगी की जा रही है, ऐसे कॉल पर पहले सच्चाई जांचें। ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड किसी को न बताएं, अनजान लिंक पर क्लिक न करें। ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर रिपोर्ट दर्ज कराएं, समय पर सूचना से रकम बैंक में रोकी जा सकती है।









