छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

नागपंचमी पर वनांचल ग्राम नरेश नगर में सजा भव्य नागमथ जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने की नाग देवता की पूजा-अर्चना, सर्पमित्रों ने लिया सांपों के संरक्षण का संकल्प

सारंगढ़। नागपंचमी के पावन पर्व पर सारंगढ़ क्षेत्र के वनांचल ग्राम नरेश नगर में भव्य नागमथ कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नाग देवता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जीव-जंतुओं की सुरक्षा की कामना की।
कार्यक्रम में नरेश नगर सहित रापागुला, भृंगनार, बीरसिंगडीह, मोहनमुड़ा एवं आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में नागमथिया, सर्पमित्र एवं ग्रामीणजन पहुंचे। नाग-नागिन की प्रतिमा के समक्ष मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान सर्पमित्रों और नागमथियों ने सांपों एवं अन्य वन्यजीवों के संरक्षण तथा उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
प्रकृति और जीव-जंतुओं की रक्षा हमारा नैतिक दायित्व : संजय पांडेय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने कहा कि प्रकृति और जीव-जंतुओं का संरक्षण हम सभी का सामूहिक एवं नैतिक दायित्व है। सांप भले ही कई बार मानव जीवन के लिए खतरा बन सकते हैं, लेकिन वे पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि सांपों को मारने के बजाय उन्हें सुरक्षित तरीके से पकड़कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए।
उन्होंने सर्पमित्रों के निस्वार्थ सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सांपों को बचाने और लोगों को जागरूक करने में सर्पमित्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को नागपंचमी की शुभकामनाएं भी दीं।
भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
कार्यक्रम के दौरान कीर्तन मंडली द्वारा प्रस्तुत भजनों एवं धार्मिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने नाग देवता की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर प्यारी लाल सारथी, सतीश सिदार, श्रीधर चौहान, लक्ष्मण बरिहा, टूकलाल चौहान, गुरुचरण, रामकुमार थुरिया, सतधनु सारथी, मुन्ना सारथी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button