छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

बड़े मठ मंदिर की रथयात्रा में ऐतिहासिक संयोग, चार प्रमुख संगठनों के अध्यक्षों ने निभाई छेरा पहरा की रस्म

सारंगढ़। नगर के ऐतिहासिक एवं प्राचीन बड़े मठ मंदिर की लगभग 100 वर्षों से चली आ रही भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की रथयात्रा इस वर्ष एक ऐतिहासिक संयोग की साक्षी बनी। नगर के सभी रथों में विशेष महत्व रखने वाली इस रथयात्रा में परंपरानुसार भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु अपने बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा के साथ भव्य रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। झमाझम बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह चरम पर रहा।

इस वर्ष रथयात्रा का सबसे विशेष आकर्षण यह रहा कि नगर के चार महत्वपूर्ण संगठनों के अध्यक्षों ने एक साथ भगवान के रथ के समक्ष पारंपरिक छेरा पहरा की पवित्र रस्म निभाई। इस ऐतिहासिक अवसर पर श्री गोपाल जी धर्मादा ट्रस्ट, बड़े मठपारा सारंगढ़ के अध्यक्ष श्री सूरज तिवारी, जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत अध्यक्ष संघ के अध्यक्ष श्री संजय पाण्डेय, भगवान परशुराम सेवा समिति सारंगढ़ के अध्यक्ष श्री राकेश शुक्ला तथा जिला अधिवक्ता संघ सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अध्यक्ष श्री विजय कुमार तिवारी ने विधिवत छेरा पहरा कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।

रथयात्रा में नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष अमित तिवारी, श्री गोपाल जी धर्मादा ट्रस्ट के सचिव अतुल्य यादव, श्रमजीवी पत्रकार संघ के गोपेश द्विवेदी, मनोज मिश्रा, दिनेश थवाईत, एल.पी. देवांगन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

झमाझम बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। जय जगन्नाथ के जयघोष और भक्ति गीतों के बीच भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता एवं जनसहभागिता का यह अनुपम संगम नगरवासियों के लिए लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button