राज्यपाल श्री रामेन डेका से सम्मानित हुए रक्तवीर खिलेश साहू का जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय ने किया अभिनंदन

सारंगढ़-बिलाईगढ़। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रामेन डेका के कर-कमलों से सम्मानित हुए युवा रक्तदाता एवं समाजसेवी खिलेश साहू का जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय ने साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उन्हें निरंतर जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहने के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। खिलेश साहू द्वारा वर्षों से जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने, युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करने तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल से प्राप्त यह सम्मान पूरे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए गौरव का विषय है।
इस अवसर पर श्री पाण्डेय ने खिलेश साहू को भविष्य में भी जनहित और मानव सेवा के कार्यों को इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हुए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर समाजसेवा की कामना की।
इस दौरान हितेश अजगले, नयन बेहार, ओम प्रकाश जायसवाल, रमेश जायसवाल, अनुज जायसवाल सहित रक्तदाता समूह के अनेक युवा उपस्थित रहे। सभी ने खिलेश साहू की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।














