
सारंगढ़ । शिक्षा व साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए शिक्षिका प्रियंका गोस्वामी का गजानन माधव मुक्तिबोध राज्य स्मृति सम्मान 26 के लिए चयन हुआ है, शिक्षा, साहित्य और नवाचार के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहीं प्रियंका ने क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि उनके रचनात्मक प्रयासों, शिक्षा के प्रति समर्पण और समाज के वंचित व जरूरतमंद बच्चों के लिए किए कार्यों का परिणाम है ।
प्रियंका गोस्वामी इससे पूर्व राज्य शिक्षक सम्मान राज्यपाल पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुकी हैं। नवाचारी शिक्षक के रूप में उन्होंने विद्यालय में बच्चों की शैक्षणिक रचनात्मक क्षमता को विकसित करने के लिए अनेकानेक पहल की हैं।
दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें सीखने के अवसर प्रदान करना उनके शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। विद्यालय में वे समयबद्धता एवं अनुशासन को विशेष महत्व देते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करती हैं। विद्यार्थियों को केवल पाठ्य पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर खेल, साहित्य, कला सांस्कृतिक गतिविधियों, रचनात्मक लेखन, प्रतियोगी परीक्षा, डिजिटल शिक्षा व विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रियंका का मानना है कि – हर बच्चे में एक विशेष प्रतिभा होती है। आवश्यकता केवल उसे पहचानकर उचित अवसर देने की है। इसी सोच के साथ वे शिक्षा को रचनात्मक एवं जीवनोपयोगी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही हैं। गजानन माधव मुक्तिबोध राज्य स्मृति शिक्षक सम्मान के लिए उनके चयन पर डीईओ जेआर डहरिया, बीईओ सोमा सिंह ठाकुर, शिक्षक विद्यार्थियों, साहित्यकारों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उनके इस सम्मान को शिक्षा, साहित्य के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है । प्रियंका गोस्वामी ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया है।









