छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

ग्रामीण बैंक सालर में कनकबीरा पुलिस की पाठशाला

सारंगढ़। डिजिटल युग में तेजी से पांव पसार रहे साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक सालर परिसर में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल और एसडीओपी गोविंद दीवान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी टीकाराम खटकर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 50 ग्रामीणों और 5 बैंक कर्मचारियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के गुर सिखाए गए।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी टीकाराम खटकर ने स्पष्ट किया कि डिजिटल युग में थोड़ी सी असावधानी भारी नुकसान का कारण बन सकती है; इसलिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। पुलिस टीम ने आमजन को ताकीद की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना OTP, ATM पिन, बैंक पासवर्ड या गोपनीय जानकारी साझा न करें। फर्जी कॉल, संदिगध लिंक और बैंक अधिकारी या पुलिसकर्मी बनकर आने वाले झांसे वाले फोन से सावधान रहने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही, ठगी का शिकार होने पर बिना समय गंवाए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में सूचना देने की सलाह दी गई, ताकि समय रहते राशि को होल्ड कराया जा सके। इस आयोजन से स्थानीय नागरिकों ने डिजिटल लेनदेन में पूर्ण सतर्कता बरतने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button