जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग, सीएमएचओ को सौंपा आवेदन

सारंगढ़, 22 मई। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता नत्थुलाल अग्रवाल द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को आवेदन सौंपा गया। यह आवेदन सुशासन तिहार जन समस्या निवारण शिविर, जेलपारा रंगमंच नगर पालिका सारंगढ़ में प्रस्तुत किया गया।
आवेदन में बताया गया है कि जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में कागजों में डॉक्टरों की लंबी सूची दर्ज है, लेकिन वास्तविक स्थिति में मरीजों को अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे शासन द्वारा स्वास्थ्य व्यवस्था पर किए जा रहे करोड़ों रुपये के निवेश का उद्देश्य भी प्रभावित हो रहा है।
आवेदक ने उल्लेख किया कि चिकित्सालय में डॉक्टरों की रोस्टर अनुसार नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। कुछ डॉक्टर अपनी सुविधा एवं निजी समय के अनुसार अस्पताल पहुंचते हैं, जबकि कई चिकित्सक निजी संस्थानों अथवा अन्य कार्यों में व्यस्त रहते हैं। ऐसी स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार एवं विशेषज्ञ सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।
उन्होंने मांग की है कि यदि डॉक्टर निजी समयानुसार कार्य करना चाहते हैं तो उसी अनुरूप रोस्टर निर्धारित किया जाए, अन्यथा शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। यह मांग ओपीडी चिकित्सकों, विशेषज्ञ डॉक्टरों, आवासीय चिकित्सा अधिकारियों सहित समस्त स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए की गई है।
नत्थुलाल अग्रवाल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल जिला चिकित्सालय सारंगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना एवं आमजन को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने समाज में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्ता को देखते हुए समस्त चिकित्सकीय स्टाफ विशेषकर डॉक्टरों की नियमित एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है।














