
शिकायत के बाद भड़के आरोपी, रास्ता रोककर डंडों से किया हमला सिर पर 10-12 टांके, बेटे का हाथ फ्रैक्चर — प्रशासन से कार्रवाई की मांग
सारंगढ़- जिला मुख्यालय के सरसींवा थाना क्षेत्र में अवैध ईंट भट्ठे के खिलाफ आवाज उठाना एक ग्रामीण के लिए भारी पड़ गया। शिकायत से नाराज आरोपियों ने कथित तौर पर पिता-पुत्र पर रास्ता रोककर डंडों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन अब वह न्याय के लिए प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है।
कई वर्षों से चल रहा अवैध कारोबार
सारंगढ़ बिलाईगढ जिला के सरसीवां थाना अंतर्गत ग्राम गगोरी निवासी छप्पाल पटेल ने अपने आवेदन के माध्यम से बताया है कि गांव के ही गजपति जांगड़े पिता चेतराम जांगड़े, गजेन्द्र जांगड़े पिता चेतराम जांगड़े और चेतराम पिता पनिकराम जांगड़े द्वारा पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में अवैध लाल ईंट भट्ठा और कोयले का कारोबार किया जा रहा है।और आरोप है कि यह भट्ठा शासकीय और निजी भूमि पर संचालित किया जा रहा है, जिससे शासन की जमीन का भी दुरुपयोग हो रहा है।
पहले भी की गई थी शिकायत
पीड़ित के अनुसार इस अवैध गतिविधि की शिकायत उन्होंने 4 जून 2025 को तहसीलदार सरसींवा के समक्ष की थी।आवेदन देने के बावजूद लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का कहना है कि शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने खुलेआम अवैध कारोबार जारी रखा।
रास्ता रोककर किया हमला
उन्होंने आगे बताया कि 15 जनवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे छत्रपाल पटेल अपने पुत्र दिगंबर प्रसाद पटेल के साथ पैदल चलते घर लौट रहे थे। उसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोक लिया।
बताया गया है कि तीनों आरोपी एक ही मोटरसाइकिल में पहुंचे थे और उनके हाथ में डंडा था। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए दोनों पर हमला कर दिया और कई बार डंडों से वार किए।
पिता के सिर पर टांके, बेटे का हाथ टूटा
हमले में दिनकर प्रसाद पटेल के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि छप्पाल पटेल के सिर पर गंभीर चोट आई। सिर में गहरी चोट लगने के कारण उन्हें लगभग 10 से 12 टांके लगाने पड़े। घटना के दौरान उनके कपड़े भी खून से भीग गए थे। घायल अवस्था में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के बाद पीड़ित ने थाना सरसींवा में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस द्वारा एफआईआर भी दर्ज की गई है।
इस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में चंद्रकुमार साहू पिता रामकृपाल साहू, नमन पटेल पिता गोपाल पटेल और तस्वीर साहू पिता अच्छे साहू का नाम बताया गया है, जिन्होंने घटना को देखा और सुना है।
शासकीय जमीन पर चल रहा ईंट भट्ठा
पीड़ित ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि संबंधित आरोपियों द्वारा शासकीय भूमि खसरा नंबर 01, 509/2 तथा निजी भूमि खसरा नंबर 520/1, 520/2, 520/3 और 515 में ईंट भट्ठा संचालित किया जा रहा है। आरोप है कि इस अवैध भट्ठे के कारण शासन की भूमि का दुरुपयोग हो रहा है और क्षेत्र के पर्यावरण पर भी असर पड़ रहा है।
न्याय के लिए दफ्तर-दफ्तर भटक रहा पीड़ित
घटना के बाद पीड़ित ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अवैध ईंट भट्ठे की जांच कराने की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि वह न्याय के लिए लगातार अधिकारियों के पास आवेदन दे रहा है, लेकिन अब तक उसे ठोस कार्रवाई का इंतजार है।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस मामले में सख्त कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और ऐसी घटनाओं को बढ़ावा मिल सकता है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों की नजर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है।














