
सारंगढ़ । नवपदस्थ तहसीलदार एन.के. सिन्हा ने पदभार ग्रहण करने के बाद राजस्व अमले को सक्रिय व जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पटवारियों की बैठक ली । बैठक में उन्होंने कार्यप्रणाली को व्यवस्थित करते हुए सोमवार बुधवार और शुक्रवार को विशेष दिन निर्धारित किया है
तहसीलदार श्री सिन्हा ने निर्देशित किया कि – प्रत्येक सोमवार को सभी पटवारी अपने-अपने हल्के में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा किसानों की राजस्व संबंधी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें । बुधवार को सीमांकन डे के रूप में निर्धारित करते हुए कृषकों की कृषि भूमि का सीमांकन कार्य प्राथमिकता से संपादित करने के निर्देश दिए ।
उन्होंने कहा कि – प्रत्येक शुक्रवार को तहसील कार्यालय में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें लंबित प्रकरणों और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी । तहसील न्यायालय से ज्ञापन जारी होते ही उस पर पटवारी द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत करने में किसी प्रकार की देरी न हो । प्रकरणों में विलंब होने की स्थिति में संबंधित पटवारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी । तहसीलदार सिन्हा ने स्पष्ट किया कि – समय सीमा से बाहर कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए । बैठक में राजस्व कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं जवाबदेही के साथ संपादित करने पर विशेष जोर दिया गया ।














