जिले में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार, धारासींव में 30 हेक्टेयर में बनेगा औद्योगिक क्षेत्र

सारंगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से नवगठित जिले में उद्योग और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। भटगांव तहसील के ग्राम धारासींव में 30 हेक्टेयर भूमि पर नवीन औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव है।राज्य शासन औद्योगिक विकास नीति 24-30 के अनुरूप इसका विकास छग राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड रायपुर द्वारा किया जाएगा । यहां खाद्य प्रसंस्करण, वनोपज, कृषि आधारित, कुटीर, ग्रामोद्योग, हस्त शिल्प, हाथ करघा, डेयरी, सोलर, फार्मास्यूटिकल्स, पेपर, फर्नीचर, प्लाई-ब्रिक्स एवं प्लास्टिक आधारित उद्योग स्थापित हो सकेंगे।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। ग्राम धारासींव के खसरा क्र. 2008/1/क में कुल 83.552 हेक्टेयर में से 30 हेक्टेयर भूमि चिन्हांकित है। यह स्थल भटगांव से 8 किमी और आबादी से 500 मीटर दूर है। यहां सड़क, नाली, बिजली, पानी जैसी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उद्यमियों को ऑनलाइन प्रक्रिया से भूमि आबंटन होगा और नीति 2024-30 के तहत प्रोत्साहन मिलेगा। एससी-एसटी उद्यमियों के लिए पृथक भूमि का भी प्रावधान है। नए औद्योगिक क्षेत्र से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और पलायन में कमी आएगी।



