
सारंगढ़ । ग्रापं दहिदा में एक 32 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। मृतक की पहचान विश्वजीत रात्रे 32 वर्ष, पिता राज किशोर रात्रे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि – गुरुवार दोपहर तक विश्वजीत ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई । करीब 12 बजे दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। विश्वजीत कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी धनसाय कुर्रे, जय राम साहू व ठाकुर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल सारंगढ़ भेज दिया गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।














