फर्जी दस्तावेजों से नियुक्ति के आरोपों पर कसा शिकंजा, डीईओ एल.एन. पटेल ने दो कर्मचारियों को किया निलंबित

कठोर प्रशासनिक फैसले से मचा हड़कंप, विभागीय जांच में होगा नियुक्ति दस्तावेजों का परीक्षण
सारंगढ़-बिलाईगढ़। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शासकीय नौकरी प्राप्त करने की शिकायतों पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एल.एन. पटेल ने बड़ी कार्रवाई की है। विकासखंड बिलाईगढ़ के सहायक शिक्षक श्री कृष्ण कुमार नाग तथा शासकीय प्राथमिक शाला तेंदुदरहा के प्रधान पाठक श्री रामानंद साहू को निलंबित कर दोनों के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित की गई है। इस सख्त प्रशासनिक फैसले से नियुक्ति में संदिग्ध दस्तावेजों के इस्तेमाल के आरोपों से घिरे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
श्री कृष्ण कुमार नाग के प्रकरण में नियुक्ति संबंधी दस्तावेजों की प्रामाणिकता के साथ जांच में असहयोग और कार्यालयीन निर्देशों की अवहेलना के आरोप हैं। वहीं, श्री रामानंद साहू की नियुक्ति में प्रस्तुत डी.एड. अंकसूची की प्रामाणिकता को लेकर गंभीर विसंगति सामने आई है।
शिकायतों की गंभीरता और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के स्वतंत्र एवं निर्बाध संचालन के लिए निलंबन का फैसला लिया है। विभागीय जांच में नियुक्ति से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन और संबंधित कर्मचारियों का पक्ष सुनकर आरोपों पर अंतिम निर्णय किया जाएगा।



