
4 माह में 23 हजार मरीजों की 86 हजार निःशुल्क जांच
सारंगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। जिला अस्पताल में संचालित अटल आरोग्य लैब आम जनता के लिए वरदान साबित हो रही है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन, सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व एवं आरएमओ डॉ. नरेंद्र रात्रे के पर्यवेक्षण में लैब का संचालन किया जा रहा है।
अटल आरोग्य लैब शुरू होने के महज 4 माह में रिकॉर्ड 23,001 मरीजों की 86,975 पैथोलॉजी जांचें पूरी तरह निःशुल्क की जा चुकी हैं। यह उपलब्धि पैथोलॉजिस्ट डॉ. रमेश साहू और लैब टेक्नोलॉजिस्ट की टीम के समर्पण से हासिल हुई है। लैब में अत्याधुनिक मशीनों से 134 प्रकार की उच्च स्तरीय जांचें निःशुल्क उपलब्ध हैं। सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने आम जनता से अपील की है कि निजी लैब में पैसा खर्च करने के बजाय जिला अस्पताल की निःशुल्क सुविधा का लाभ लें। उन्होंने बताया कि जल्द ही लैब में माइक्रोबायोलॉजी जांच की सुविधा भी निःशुल्क शुरू की जाएगी, जिससे गंभीर संक्रमण और जटिल बीमारियों की सटीक जांच जिला अस्पताल में ही हो सकेगी।



