सेवा संकल्प अभियान के तहत दानसरा में लगा सेवा सेतु शिविर, ग्रामीणों को दी गई शासकीय योजनाओं की जानकारी

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत दानसरा में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई (IAS), जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय, एसडीएम श्री उमेश कुमार साहू, जनपद सीईओ श्री नायक, जिला पंचायत सदस्य श्री विनोद भारद्वाज, पूर्व विधायक श्री शमशेर सिंह, सरपंच, जनपद सदस्य श्रीमती सुशीला साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
शिविर में जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई ने प्रशासन एवं विभिन्न विभागों द्वारा संचालित शासकीय योजनाओं, सेवाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक रहने तथा पात्रतानुसार अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
“सेवा संकल्प अभियान जनसेवा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम” — संजय भूषण पांडेय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा कार्यों को समर्पित अभियान है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।
श्री पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में शासन की अनेक सेवाएं डिजिटल एवं ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और सेवाएं अधिक सुगमता से प्राप्त हो रही हैं। ऑनलाइन गैस बुकिंग, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित प्रक्रियाएं, बैंकिंग सेवाएं एवं राशन व्यवस्था सहित अनेक क्षेत्रों में तकनीक के उपयोग से पारदर्शिता और सुविधा बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि “सरकार का प्रयास है कि सरकार की हर सेवा और हर योजना का लाभ जनता तक सीधे पहुंचे।” गांवों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होने के साथ रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि पहले पेयजल के लिए ग्रामीणों को दूर जाना पड़ता था, लेकिन अब हर घर नल के माध्यम से पानी पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी प्रकार घर-घर शौचालय निर्माण के माध्यम से महिलाओं की गरिमा, सुविधा एवं स्वच्छता को बढ़ावा मिला है। राशन व्यवस्था में भी ऑनलाइन प्रक्रियाओं एवं डिजिटल तकनीक के माध्यम से पारदर्शिता लाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं की जानकारी लेने, पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने तथा जनहितकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुनकर उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया। सेवा सेतु शिविर ने शासन और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद तथा शासकीय सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने का संदेश दिया।



