
सारंगढ़ । सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार सुबह 7 बजे खेलभाठा मैदान सारंगढ़ में जिला स्तरीय योग एवं ध्यान सत्र आयोजित हुआ। भगवान धन्वंतरि के चित्र पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, एसपी सुनील शर्मा एवं सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सत्र में हजारों स्कूली बच्चे, प्रशिक्षु पुलिस जवान, अधिकारी – कर्मचारी व नागरिकों ने सामूहिक योग किया। योग सत्र में ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, घुटना संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, कपालभाति और प्राणायाम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर 11वां आयुर्वेद दिवस भी मनाया गया। आयुष अधिकारी डॉ. शेष बहादुर यादव के मार्गदर्शन में विभाग की टीम ने काढ़ा वितरित कर योग व आयुर्वेद के महत्व की जानकारी दी।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत डिजिटल लिटरेसी सहित जन जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित होंगे। योग स्वस्थ रहने का सरल माध्यम है, इसे दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने कहा कि आयोजन तभी सफल होगा जब योग एक दिन तक सीमित न रहे। उन्होंने आयोजन के लिए आयुष, समाज कल्याण विभाग व योग प्रशिक्षकों को बधाई दी। एसपी सुनील शर्मा ने इस दौरान साइबर अपराध व ऑन लाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया। उन्होंने संदिग्ध लिंक पर भरोसा न करने व बैंकिंग जानकारी साझा न करने की अपील की। कार्यक्रम में एसडीएम उमेश साहू, डिप्टी कलेक्टर राणा विजय, तहसीलदार सिन्हा, मनोज जायसवाल, महेंद्र अग्रवाल, नत्थू केडिया सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जन प्रतिनिधि एवम सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



