छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

जनदर्शन में आमजनों की समस्याएं, मांग और शिकायतें सुनकर कलेक्टर ने दिए समाधान के निर्देश

संबंधित विभागों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 सितम्बर 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जनदर्शन में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं, मांग और शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं। उन्होंने आवेदकों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जनदर्शन में ग्राम टुण्डरी के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि में स्थित पोखरनुमा गड्ढे को राखड़ से पाटने पर आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त स्थल पर पानी भरा रहता है और टुण्डरी, खपरीडीह तथा अमलडीह के ग्रामीण इसका उपयोग मवेशियों को पानी पिलाने, मवेशियों को धोने, नहाने सहित अन्य निस्तारी कार्यों के लिए करते हैं। ग्रामीणों ने पर्यावरण एवं जल प्रदूषण की आशंका व्यक्त करते हुए राखड़ से गड्ढे को पाटने पर रोक लगाने की मांग की। आवेदन में ग्राम पंचायत द्वारा पूर्व में पारित प्रस्ताव को निरस्त किए जाने तथा बाद में 12 सितंबर 2026 को पारित प्रस्ताव की भी जांच की मांग की गई है।
जनदर्शन में ग्राम पाट निवासी संतोष कुमार ने अपने पिता स्व. छोटे लाल मनहर की दुर्घटना के बाद दुर्घटना बीमा की लंबित राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की राशि प्राप्त हो चुकी है, लेकिन दुर्घटना बीमा की राशि अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। इसी तरह ग्राम छोटे खैर की कौशिल्या जागे ने अपने 10 वर्षीय बच्चे शिवराज जागे के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध कराने का आवेदन दिया।
ग्राम गाताडीह निवासी मोहन लाल विषाद ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत करते हुए योजना का लाभ दिलाने का आग्रह किया। वहीं इसी गांव की रामकुमारी सोनी ने प्रधानमंत्री आवास योजना की आवास के तहत लंबित अंतिम किस्त की 25 हजार रुपए की राशि जारी कराने की मांग की। आवेदिका ने बताया कि आवास का लेंटर स्तर तक कार्य पूर्ण हो चुका है।
जनदर्शन में सामान्य भविष्य निधि की राशि के भुगतान, रुकी हुई पेंशन तथा विकलांग पेंशन पुनः शुरू कराने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। आवेदकों ने लंबित राशि का भुगतान कराने तथा बंद पेंशन को पुनः प्रारंभ कराने का आग्रह किया। ग्राम दहिदा की द्वारस बाई ने महतारी वंदन योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत करते हुए योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया।
इसी क्रम में ग्राम कोदवा निवासी पुनीराम यादव ने बकरी पालन व्यवसाय शुरू करने के लिए शासकीय योजना के तहत ऋण अथवा अनुदान उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि वे स्वरोजगार के माध्यम से परिवार की आजीविका चलाने के लिए बकरी पालन व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं। ग्राम रमतला के भूस्वामियों ने राजस्व अभिलेख एवं भुइयां पोर्टल में दर्ज नामों में लिपिकीय त्रुटियों को सुधारने की मांग की, ताकि कृषि भूमि का एग्रीस्टैक पोर्टल से सही तरीके से जुड़ाव हो सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना से नाम हटाए जाने की शिकायत लेकर ग्राम टिहलीपाली की मोंगरा जाटवर भी जनदर्शन में पहुंचीं। उन्होंने बताया कि संयुक्त खाते में दर्ज भूमि को सभी भाइयों की व्यक्तिगत भूमि के रूप में दर्शाए जाने के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से उनका नाम हटाया गया है। उन्होंने मामले की पुनः जांच कर पात्रता के आधार पर आवास प्लस 2.0 की सूची में नाम जोड़ने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए आवेदकों की समस्याओं का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन आमजनों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button