
सारंगढ़ । शिक्षा व समाज के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु राज्यपाल पुरस्कार वर्ष 26-27 के लिए रमाशंकर साहू प्रपा शाप्रा.शाला साराडीह सारंगढ़ का चयन हुआ है। उनका नॉमिनेशन शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव द्वारा किया गया है। श्री साहू ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार व नैतिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया है। नशामुक्ति अभियान बालिका शिक्षा, स्वच्छता अभियान, मतदाता जागरूकता, तिरंगा रैली, सिंदूर रैली आदि में सक्रिय भागीदारी निभाई है। डिजिटल शिक्षा के तहत मोबाइल के माध्यम से बच्चों को नवाचारी व रचनात्मक गति विधियों से जोड़ा। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देते हुए 6 बालिकाओं को गोद लेकर कॉलेज तक की पढ़ाई का खर्च वहन करने का संकल्प लिया है।
साहू ने स्काउटिंग से जुड़कर बच्चों में अनुशासन व देश प्रेम की भावना जागृत करने में अहम भूमिका निभाई है तथा विभिन्न प्रशिक्षण शिविर व सेवा गतिविधियों में योगदान दिया है। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रत्येक बच्चे के जन्मदिन पर एक पौधा भेंट कर घर में लगाने के लिए प्रेरित करते हैं। शाला परिसर में लगभग 50 पौधे लगाकर संरक्षित किया है, जो अब फलने-फूलने लगे हैं। चयन पर साहू ने शिक्षा विभाग, विद्यार्थियों व सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि – यह पुरस्कार मेरे लिए उपलब्धि के साथ बड़ी जिम्मेदारी है। यह सम्मान शिक्षा में और अधिक नवाचार व समाज निर्माण के लिए प्रेरित करेगा। उनका यह चयन परिवार, शाला, समाज व जिले के लिए विशेष उपलब्धि है।









