
सारंगढ़ । प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस प्रदेश व्यापी अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने, विकसित भारत @ 2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने तथा केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाते हुए हर परिवार को जोड़ना है। अभियान के तहत ग्राम एवं वार्ड स्तर से लेकर विकास खंड और जिला स्तर तक 12 विविध पहलें आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने राज्य शासन के निर्देश अनुसार जिले में सेवा संकल्प अभियान के जमीनी स्तर पर प्रभावी एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के लिए आवश्यक आदेश जारी किए हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति का गठन भी किया गया है। कलेक्टर ने जिला स्तरीय अधिकारियों को अभियान की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराते हुए विभिन्न गति विधियों एवं पहलों के क्रियान्वयन हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा – निर्देश दिए हैं।जिले सुव्यवस्थितप्रभावी संचालन के लिए जिपं के सीईओ को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं प्रत्येक पहल की प्रकृति और गतिविधियों के अनुरूप संबंधित विभागीय अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं, ताकि सभी कार्यक्रम निर्धारित समय-सीमा में बेहतर समन्वय के साथ संपन्न हो सकें।
सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की संध्या आशीर्वाद का दीया पहल के साथ होगी । कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान की सभी गतिविधियों में व्यापक नागरिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूह, युवा, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों व आम नागरिकों को सक्रिय रूप से अभियान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने शासन की योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार कर मैदानी टीमों को उपलब्ध कराने व ग्राम, वार्ड, विकास खंड स्तर तक जिम्मेदारियां पूर्व निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए नोडल एवं सहयोगी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा ।विकसित भारत @ 2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जिले में अभियान की सभी गतिविधियों को समयबद्ध, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय कर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।









