
सारंगढ़ । अभामा महिला सम्मेलन सत्र 2026-28 के संस्कार ही धरोहर संकल्प के तहत 25 अगस्त से 8 सितंबर तक राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा देशभर में मनाया गया । राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा राठी, सचिव बबिता बगड़िया व प्रकल्प प्रमुख सरोज सुनालिया के नेतृत्व में यह अभियान 24 राज्यों में जन – आंदोलन बना। इस दौरान सखियों ने नेत्रदान कैसे किया जाता है, कॉर्निया ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया, आधुनिक नेत्र सुरक्षा व आई केयर का महत्व बताया। अभियान में सखियों द्वारा लिखी गई स्वरचित कविताएं और प्रेरणादायक स्लोगन मुख्य आकर्षण रहे, जिन्हें पोस्टरों व सामग्री के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया गया ।
सरोज सुनालिया ने बताया कि – इस जन जागरूकता के लिए नेत्रदान क्यू आर कोड शपथ पोस्टर, नुक्कड़ नाटक, साइकिल रैली, पोस्टर झांकी, दीवार पेंटिंग, हाथों पर थीम मेहंदी-टैटू, स्टैंडी, कैप, थैले, गमले,पौधे वितरित किए गए। नेत्रदान करने वाले परिवारों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। पूरे देश में नेत्र परीक्षण शिविर व ऑपरेशन कैंप लगाकर संकल्प फॉर्म भरवाए गए। अभियान को सोशल मीडिया व प्रमुख न्यूजमीडिया में व्यापक कवरेज मिली । समापन पर 8 सितंबर को नेत्र दान विशेष ऑन लाइन क्विज हुई, जिसमें देशभर से बहनों ने भाग लिया।









