
सारंगढ़–बिलाईगढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। जगह-जगह जमा पानी मच्छरों के लिए प्रजनन स्थल बन चुका है, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है। शाम होते ही कॉलोनियों, बाजारों और गांवों में मच्छरों का झुंड नजर आ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। नगरवासियों का कहना है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और जलभराव की समस्या के कारण स्थिति बिगड़ रही है।कई मोहल्लों में फॉगिंग तक नहीं कराई जा रही, जिससे लोगों में नाराजगी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता तो दिखाई जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की कमी साफ नजर आ रही है।विशेषज्ञों ने लोगों को साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने और मच्छरदानी व रिपेलेंट का उपयोग करने की सलाह दी है। वहीं, नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल फॉगिंग और दवा छिड़काव की मांग की है, ताकि इस बढ़ते खतरे पर समय रहते काबू पाया जा सके।














