
सारंगढ़। जिला सारंगढ़बिलाईगढ़ के सरसींवा स्थित प्रज्ञा संगीत महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया । इस अवसर पर जिपं सदस्य श्रीमती शिव कुमारी अनिल साहू के द्वारा भव्य संगीत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों का श्रीफल एवं शाल भेंट कर सम्मान किया तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इसके पश्चात भावपूर्ण संगीत प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने मधुर स्वर लहरियों के बीच गुरुर ब्रह्मा गुरुर विष्णु गुरुर देवो महेश्वरः, गुरुः साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः का सामूहिक गायन कर गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की , इस कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्ति, संगीत और गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा से ओत-प्रोत रहा । उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि – गुरु का सम्मान भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपरा है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में संस्कार एवं सांस्कृतिक मूल्यों का संचार करते हैं।














