
स्वच्छता दीदियों के संघर्ष की बड़ी जीत
बिलाईगढ़। सारंगढ़ – बिलाईगढ़ जिले के नपं बिलाईगढ़ में मिशन क्लीन सिटी व जय माँ समलाई स्व-सहायता समूह की स्वच्छता दीदियों के लंबे संघर्ष की जीत हुई है। महिलाओं के कड़े विरोध और 29 सितंबर को एसडीएम कार्यालय के महाघेराव की चेतावनी के बाद शासन ने दागी प्रभारी सीएमओ यशवंत कुमार देवांगन को 25 सितंबर 2026 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विवाद की शुरु आत सीएमओ पर लगे गंभीर आरोपों से हुई थी। 10 सितंबर 2026 को सौंपी गई एसडीएम की जांच रिपोर्ट में यह सिद्ध हो गया था कि – सीएमओ देवांगन ने स्वच्छता दीदियों के साथ अश्लील हरकतें की,द्विअर्थी बातें की व उनका यौन उत्पीड़न किया। इसके अलावा वूमेन फॉर ट्री योजना और अन्य कार्यों का भुगतान भी जानबूझकर रोका गया। जब महिलाओं ने शिकायत की तो बदले की भावना से सीएमओ ने शा. दस्तावेजों में गंभीर कूटरचना की।
14 अगस्त को परिषद की बैठक में पचरी निर्माण के लिए सर्वसम्मति से पास हुए एजेंडा क्रमांक 21 को, 7 सितंबर को बंद कमरे में बदलकर महिलाओं को नौकरी से निकालने का फर्जी प्रस्ताव बना दिया गया। एसडीएम जांच में आरोप सिद्ध होने के बावजूद 15 दिन तक अधिकारी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी, जिसके बाद आक्रोशित महिलाओं ने 28 सितंबर तक एफ आई आर और निलंबन न होने पर 500 से अधिक महिलाओं के साथ उग्र आंदोलन का अल्टीमेटम दिया था इस भारी दबाव और एसडीएम रिपोर्ट के आधार पर संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास ने श्री देवांगन को निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय बिलासपुर निर्धारित कर दिया है। एसडीएम रिपोर्ट में आरोपी अधिकारी पर भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत एफआईआर दर्ज करने की भी स्पष्ट अनुशंसा की गई है।



