जिला पंचायत अधिकारी इन्द्रजीत बर्मन रायपुर रवाना, ऋषिकेश तिवारी बने सारंगढ़ के नए सीईओ

सारंगढ़ । राज्य शासन द्वारा जारी प्रशासनिक आदेश के तहत सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के पद पर बड़ा बदलाव किया गया है। वर्तमान जिला पंचायत सीईओ इन्द्रजीत बर्मन का तबादला करते हुए उन्हें स्वास्थ्य विभाग में अपर संचालक के पद पर रायपुर पदस्थ किया गया है।
वहीं, बस्तर के अपर कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी को सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले का नया जिला पंचायत सीईओ नियुक्त किया गया है। शासन के इस आदेश बाद जिले के प्रशासनिक महकमे में नई जिम्मेदारियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। इन्द्रजीत बर्मन के कार्यकाल में जिपं के माध्यम से ग्रामीण विकास, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता अभियान सहित कई महत्व पूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिली। अब उनके रायपुर स्थानांतरण के बाद स्वास्थ्य विभाग में उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। नव नियुक्त जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी बस्तर में अपर कलेक्टर के रूप में अपनी प्रशासनिक कार्यशैली और अनुभव के लिए जाने जाते हैं। उनसे जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है । राज्य शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों की नजर नए सीईओ के कार्यभार ग्रहण करने और उनकी कार्यशैली पर रहेगी। ऋषिकेश तिवारी के लिए सारंगढ़ कोई अपरिचित नहीं अपितु उन्होंने सारंगढ़ जनपद पंचायत में बेहतरीन कार्यकाल सीईओ के पूरी किए थे।














