
सारंगढ़ । बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव एवं अति वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर सुश्री पद्मिनी भोई साहू द्वारा अनुमोदित आदेश के परिपालन में जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश क्रमांक GENS/98387/2026/2757 दिनांक 28.10.2026 के अनुसार 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के समस्त शा., अशा. एवं अनुदान प्राप्त प्रा. शाला, मा. शाला, हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालय में अवकाश रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि – मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार चक्रवात के कारण छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुँचने में कठिनाई हो सकती है तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा। उल्लेखनीय है कि – इससे पूर्व जिला प्रशासन ने चक्रवात से निपटने के लिए जिला, अनुविभाग एवं तहसील स्तर पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किये हैं।



