
सारंगढ़। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा आर्थिक संसाधनों से जूझते परिवारों की बेटियों को पढ़ाई की राह को आसान करने के उद्देश्य से आज एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में पीएम श्री स्कूल सारंगढ़ के बेटियों को सरस्वती निःशुल्क सायकल वितरण योजना के अंतर्गत जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने सायकल वितरण किया,जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कार्यक्रम में उपस्थित बेटियों से कहा कि -जीवन के हर कदम संघर्ष और चुनौतियों से भरा है। इन चुनौतियों से शिक्षा, संघर्ष, मेहनत और कुशल समय प्रबंधन से पार पाया जा सकता है।शिक्षा एक ऐसा अस्त्र है ,जो जीवन में सकारात्मक बदलाव लाती है तथा सुखद और सुरक्षित भविष्य के मार्ग को प्रशस्त करता है । उन्होंने बेटियों को सायकल वितरण करते हुए कहा कि – शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है। कई बार ग्रामीण क्षेत्र की हमारी बेटियां स्कूल आने जाने की समस्या के कारण बीच में ही पढ़ाई छोड़ देती है।इसलिए सरकार ने बालिकाओं को निःशुल्क सायकल प्रदान कर उनके पढ़ाई मे निरंतरता बना रही है। जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने बेटियों से आग्रह किया कि- वे खूब मन लगा कर पढ़ाई करें तथा भविष्य में देश और क्षेत्र का नाम रोशन करें।
आज के कार्यक्रम में जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय,संस्था के प्राचार्य एलपी पटेल, शिक्षक शिक्षिकाएं और भारी संख्या में अध्ययनरत बेटियों ने सहभागिता की।














