
सारंगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के निर्देशन में यातायात पुलिस सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से एक विशेष पहल की गई। इसके तहत भारत माता चौक से हरदी बायपास तक सड़क किनारे के ब्लैक स्पॉट्स, मोड़ों, डिवाइडरों, पुल-पुलियों के किनारों और बिना जलती लाइटों वाले भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाया । जिससे रात्रि के समय वाहन चालकों को सड़क की स्थिति, मोड़ और अवरोध दूर से ही स्पष्ट दिखाई दें, इस हेतु प्रभावी व्यवस्था की है। रिफ्लेक्टर टेप से चालकों को समय रहते खतरा भांपने, सतर्क होने व गति नियंत्रित करने का पर्याप्त अवसर मिलेगा, जिससे रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं की आशंका में भारी कमी आएगी।
इसके साथ ही, इस अभियान के दौरान मौके पर ही वाहन चालकों व स्थानीय नागरिकों को रोक कर रिफ्लेक्टर टेप के महत्व, सुरक्षित ड्राइविंग तकनीकों, यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। यातायात पुलिस आम जनता व सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वे रात्रि में वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से पालन करें, पर्याप्त सावधानी बरतें, आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, नशा करके वाहन न चलाएं सड़क पर लगे रिफ्लेक्टर व अन्य यातायात संकेतकों का विशेष ध्यान रखें।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ यातायात पुलिस द्वारा आमजनों के सुरक्षित सफर के लिए जागरूकता अभियान और दुर्घटना रोकथाम के ऐसे सुधारात्मक प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।



