
सारंगढ़ । गणेश उत्सव पें पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिलेवासियों से पर्यावरण अनुकूल गणपति प्रतिमा स्थापित करने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों, श्रद्धालुओं व समितियों से आग्रह किया कि पीओपी के स्थान पर मिट्टी व प्राकृतिक सामग्री से बनी प्रतिमाओं को प्राथमिकता दें।
कलेक्टर ने कहा कि गणेशोत्सव आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। पर्व की पवित्रता के साथ प्रकृति व पर्यावरण की सुरक्षा भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। पीओपी से बनी प्रतिमाओं व रासायनिक रंगों से जल स्रोतों और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
इसलिए मिट्टी से निर्मित तथा प्राकृतिक व सुरक्षित रंगों से बनी प्रतिमाओं को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने जिले वासियों से गणेशोत्सव को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाने का आग्रह किया। कलेक्टर ने कहा कि – श्रद्धा के साथ प्रकृति की रक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है और छोटी-छोटी पहल जल, जमीन और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। उन्होंने अपील की कि सभी दूसरों को भी पर्यावरण अनुकूल प्रतिमा अपनाने के लिए प्रेरित करें, ताकि जिला स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण बन सके।









