
सारंगढ़ । पुलिस चौकी कनकबीरा की पहल से बिछड़ा हुआ 8 वर्षीय कमलेश निषाद करीब दो वर्ष बाद अपने परिवार से मिल सका। पुलिस जानकारी अनुसार, ग्राम घठोरा निवासी लक्ष्मण निषाद का 8 वर्षीय पुत्र कमलेश करीब दो वर्ष पहले भटक कर अपने परिवार से दूर हो गया था। परिजन लगातार उसकी तलाश में लगे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान पता चला कि बच्चा मप्र के सुसनेर थाना क्षेत्र में स्थित एक अनाथालय में सुरक्षित है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी रामकुमार मानिकपुरी ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने अनाथालय और परिजनों के बीच समन्वय स्थापित किया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चे को लाने में कठिनाई थी, जिसे देखते हुए पुलिस ने परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर बच्चे को लेने के लिए रवाना किया।
पुलिस के प्रयासों से कमलेश अब अपने घर लौट आया है। दो वर्ष बाद बेटे को अपने बीच पाकर परिवार की आँखें नम हो गईं, गांव में खुशी की लहर है। इसी क्रम में स्थानीय ग्रामीण चक्रधर पटेल ने मानवता का परिचय देते हुए कमलेश की पढ़ाई -लिखाई की पूरी जिम्मेदारी उठाने का संकल्प लिया है पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में जिले की पुलिस केवल अपराध रोकथाम तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा और संवेदना के कार्यों को भी समान प्राथमिकता दे रही है।



