छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडे के मुख्य आतिथ्य में श्री गोपाल जी आदर्श विद्या मंदिर सारंगढ़ का वार्षिक उत्सव 2026 संपन्न

अति विशिष्ट अतिथि माणिक लाल मेहर और पी.एल.आदित्य ने निभाया कार्यक्रम अध्यक्षता

सारंगढ़। श्री गोपाल आदर्श विद्या मंदिर, सारंगढ़ में वार्षिक उत्सव 2026 का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे तथा अति विशिष्ट अतिथि माणिक लाल मेहर रहे। अतिथियों ने अपना अमूल्य समय देकर विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया।
मुख्य अतिथि संजय भूषण पांडे का विद्यालय प्रांगण में पारंपरिक तिलक एवं आरती के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। श्री पांडे एवं श्री माणिक लाल मेहर द्वारा ज्ञान की देवी मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों के स्वागत में विशेष स्वागत गीत एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी की भावनाओं को अभिव्यक्त किया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
अपने मुख्य अतिथि उद्बोधन में संजय भूषण पांडे ने कहा कि श्री गोपाल आदर्श विद्या मंदिर के शिक्षक सीमित संसाधनों और कम वेतन में भी बिना किसी स्वार्थ के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं, जो अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने विद्यालय की प्रधान पाठिका श्रीमती कांति गुप्ता को इस सफल संचालन का श्रेय देते हुए उनके समर्पण की सराहना की। साथ ही उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा और वार्षिक उत्सव के उत्कृष्ट आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री पी.एल. आदित्य ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय का वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों के जीवन के सबसे यादगार क्षणों में से एक होता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में उत्साह, उमंग और आत्मविश्वास का संचार करते हैं, जो जीवन भर स्मरणीय रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को विद्यालय अवश्य जाना चाहिए, क्योंकि विद्यालय ही वह स्थान है जहां ज्ञान की ज्योति प्रज्वलित होती है और भविष्य उज्ज्वल बनता है।
उन्होंने यह भी कहा कि “एक अच्छी मां एक हजार शिक्षकों के बराबर होती है,” जो बच्चों के जीवन निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।
अति विशिष्ट अतिथि माणिक लाल मेहर ने सरस्वती वंदना “जयति, मां शारदा” का सुमधुर गायन कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा श्री गोपाल आदर्श विद्या मंदिर की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रचारिका श्रीमती गुप्ता द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button