ब्राह्मण समाज को परिवार मानकर संगठित करने वाले श्याम कुमार नंदे का अमिट योगदान

सारंगढ़।
ब्राह्मण समाज को अपना परिवार मानकर उसे संगठित एवं सशक्त बनाने में आजीवन समर्पित रहे समाजसेवी एवं वरिष्ठ शासकीय अधिकारी श्याम कुमार नंदे का निधन हो गया। उनके निधन से न केवल ब्राह्मण समाज बल्कि संपूर्ण सारंगढ़ अंचल ने एक दूरदर्शी समाजसेवक को खो दिया है।
ब्लॉक विकास अधिकारी जैसे अत्यंत व्यस्त एवं जिम्मेदार पद पर रहते हुए भी श्री नंदे ने समाजसेवा को कभी अपने कर्तव्यों से अलग नहीं माना। शासकीय सेवा आचरण की मर्यादाओं के भीतर रहकर उन्होंने समाज को जोड़ने, आगे बढ़ाने और संगठित करने का अनुकरणीय कार्य किया। समाज के सैकड़ों विवाह योग्य युवक-युवतियों के परिवारों को जोड़कर वैवाहिक संबंध स्थापित कराने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
लगभग तीन दशक पूर्व, जब सामाजिक संगठनों के प्रति जागरूकता का अभाव था, उस समय उन्होंने रायगढ़ क्षेत्र में नीलांचल संस्था का गठन कर सामाजिक चेतना की नींव रखी। उनके व्यक्तित्व पर माता-पिता के संस्कारों का गहरा प्रभाव था—पिता स्वर्गीय कुंज राम नंदे धार्मिक प्रवृत्ति के थे तथा माता श्रीमती अपूर्वा नंदे समाजसेवी विचारधारा की थीं। इन्हीं संस्कारों के कारण श्री नंदे सदैव आर्थिक, सामाजिक एवं विधिक सहयोग के लिए तत्पर रहे।
उनकी पहल पर सारंगढ़ में सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों को संगठित कर पेंशनर संघ का गठन किया गया तथा वे पेंशन संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार संघर्ष करते रहे।
सारंगढ़ में निवासरत विभिन्न वर्गों के ब्राह्मणों—सरयू, कान्यकुब्ज, गौड़, मारवाड़ी, राजस्थानी, मराठी, पंजाबी, तेलुगु, मद्रासी एवं उत्कल—सभी को एक मंच पर लाकर उन्होंने भगवान श्री परशुराम सेवा समिति का गठन कराया और स्वयं आगे आकर समाज के वरिष्ठ जनो को संरक्षक सदस्य बनाये, जो छत्तीसगढ़ की पहली सर्वब्राह्मण संस्था के रूप में प्रतिष्ठित हुई।
उनकी अंतिम इच्छा सारंगढ़ में एक सर्वसुविधायुक्त ब्राह्मण समाज भवन के निर्माण की थी। उनकी पहल पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय द्वारा शासन से भवन की स्वीकृति प्राप्त हुई, जो वर्तमान में निर्माण प्रक्रिया में है। वे चाहते थे कि इस भवन का लाभ सभी समाजों को भी मिले और सामाजिक समरसता बनी रहे।
उनकी बारहवीं तिथि पर सारंगढ़ के सर्व ब्राम्हण भगवान श्री परशुराम सेवा समिति के अध्यक्ष राकेश शुक्ला ने उनके निधन को विप्र समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा श्री नंदे जी हमेशा समाज को जोडने का कार्य किया है ज़िला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष विजय कुमार तिवारी ने उनके तेल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के सचिव कुलदीप राज पटेल प्रवक्ता दीपक तिवारी भी उपस्थित रहे














