नगर के निशानेबाज़ दिव्यांशु देवांगन का जूनियर वर्ल्ड कप में चयन,10 मीटर एयर राइफल (जूनियर पुरुष) स्पर्धा में करेगा भारत का प्रतिनिधित्व

सारंगढ़, छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल संघ और साथ ही सारंगढ़ के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि राज्य के सारंगढ़ निवासी शेलेद्रं देवांगन जो कि तमनार में सब पोस्ट मास्टर के पद पर पदस्थ हैं, के सूपूत्र प्रतिभाशाली निशानेबाज दिव्यांशु देवांगन का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप शूटिंग प्रतियोगिता 2026 के लिए हुआ है। प्रतियोगिता मिस्त्र की राजधानी कायरो में आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय राइफल संघ भारत द्वारा जारी चयन सूची के अनुसार दिव्यांशु शैलेंद्र देवांगन का चयन 10 मीटर एयर राइफल (जूनियर पुरुष) स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है।यह चयन उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्राप्त उपलब्धियों का प्रतिफल है। यह उपलब्धि न केवल दिव्यांशु के खेल जीवन में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, बल्कि सारंगढ़ सहित छत्तीसगढ़ राज्य के लिए भी अत्यंत गौरव का क्षण है। सारंगढ़ अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय शूटिंग मानचित्र पर भी अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर रहा है।














