
सारंगढ़ । जिला मुख्यालय के झुमरपाली-भटगांव में आगामी राम नामी बड़े भजन मेला के आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। छग रामनामी राम-राम भजन संस्था के तत्वाधान में प्रस्तावित स्थल पर विधिवत पूजा अर्चना कर भूमि पूजन, शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न किया गया । पुष्प वाटिका और खेल मैदान के बीच स्थित चयनित भूमि पर रामनामी समुदाय की गुरु माता सेतबाई एवं उनके सहयोगियों द्वारा विधि-विधान के साथ नींव रखी गई। इस दौरान भजन कीर्तन और कलश शोभायात्रा के साथ पूरे क्षेत्र में भक्ति व उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
बताया गया कि पूर्व में नंदेली जैजैपुर में आयोजित राम-राम भजन मेला के दौरान वर्ष 26-27 के लिए झुमरपाली भटगांव आयोजन स्थल के रूप में प्रस्तावित किया गया था। उसी कड़ी में अब विधिवत भूमिपूजन कर आयोजन की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है।कार्यक्रम में नपं के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित क्षेत्र के जन प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आगामी भजन मेला को भव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया।














