डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह एवं टीम के द्वारा ताबड़तोड़ कार्यवाही,,बरमकेला खंड शिक्षा अधिकारी को शिक्षक से 10000 रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।साथ में सहयोगी संकुल समन्वयक संजय चौहान भी पकड़ा गया।

मार्च माह का रुका हुआ वेतन निकालने के एवज में 2 शिक्षकों से मांगी गई थी 10000 रुपए रिश्वत।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने शिक्षा विभाग में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) नरेंद्र जांगड़े को 10,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में उनके सहयोगी संकुल समन्वयक संजय चौहान को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि पूर्व माध्यमिक शाला झीकीपाली के शिक्षक निरंजन बरिहा ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मार्च माह में स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे अपने साथी शिक्षक मुकेश सोना के साथ इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज गए थे, लेकिन डॉक्टर के उपलब्ध न होने के कारण उन्हें वापस स्कूल लौटना पड़ा। इस दौरान आधा घंटा देर होने पर उनकी अनुपस्थिति दर्ज कर ली गई और खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
दोनों शिक्षकों ने नोटिस का जवाब प्रस्तुत किया, इसके बावजूद उनका मार्च माह का वेतन रोक दिया गया। जब वेतन जारी कराने के लिए वे बीईओ नरेंद्र जांगड़े से मिले, तो उन्होंने 5-5 हजार रुपये, कुल 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिक्षक निरंजन बरिहा रिश्वत देने के बजाय आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने के लिए एसीबी से संपर्क किया।
शिकायत का सत्यापन करने पर आरोप सही पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि संकुल समन्वयक संजय चौहान रिश्वत दिलाने में सहयोग कर रहे थे। इसके बाद एसीबी टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप योजना तैयार की।
17 अप्रैल 2026 को शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेकर बरमकेला स्थित बीईओ कार्यालय भेजा गया। जैसे ही नरेंद्र जांगड़े ने 10,000 रुपये लेकर उसे टेबल के दराज में रखा, पहले से तैनात एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की पूरी राशि बरामद की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी शासकीय कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें।
शिक्षक समुदाय के लोगों में बी ई ओ के वसूली के प्रति आक्रोश चरम पर था तथा समय समय पर शिक्षक समुदाय से उसके खिलाफ लगातार शिकायत मिल रही थी। बरमकेला ब्लॉक के शिक्षक संघ के अध्यक्ष देवम प्रकाश पटेल सहित अन्य शिक्षक समुदाय ने एसीबी की इस कार्यवाही की सराहना करते हुए इसे बड़ी राहत देने वाली कार्यवाही बताया ।।














