
सारंगढ़ । गंगरेल बांध के नौ गेट खोले जाने से महानदी का जलस्तर बढ़ा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने नदी किनारे व संभावित प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता के निर्देश दिए हैं। एसडीएम, पुलिस, तहसील दार, जल संसाधन व मैदानी अमले को हाई अलर्ट पर रहने कहा। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जाए और लोगों को नदी व जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से रोका जाए। आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत व बचाव की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने को कहा गया है। जल संसाधन विभाग के अनुसार कलमा बैराज का जलस्तर शनिवार शाम 7 बजे 193.550 मीटर था, जो रविवार सुबह 7 बजे बढ़कर 194.700 मीटर पहुंच गया। हालांकि वर्तमान में जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। तहसीलदार एन.के. सिन्हा ने बताया स्थिति सामान्य है व मुनादी कराई जा रही है। कलेक्टर ने जलस्तर में हर बदलाव की नियमित जानकारी लेने व आवश्यकता पर तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू करने हेतु संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से नदी किनारे न जाने, निर्देशों का पालन करने और आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील की है।









