शिक्षक दिवस पर थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने साइबर जागरूकता से जुड़े शिक्षकों का किया आत्मीय सम्मान

प्राचार्य लक्ष्मी प्रसाद पटेल एवं शिक्षिका सुषमा पटेल को शिक्षा व साइबर जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए किया सम्मानित
सारंगढ़। शिक्षक दिवस के अवसर पर थाना सारंगढ़ पुलिस ने शिक्षा के साथ-साथ समाज में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों का आत्मीय सम्मान किया। थाना प्रभारी प्रमोद यादव एवं PSI नेहा चंद्राकर ने प्राचार्य लक्ष्मी प्रसाद पटेल, सेजेस स्कूल सारंगढ़ एवं शिक्षिका श्रीमती सुषमा पटेल, माध्यमिक शाला कुटेला के निवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने शिक्षकों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के साथ विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करने के प्रयासों की सराहना की। थाना प्रभारी प्रमोद यादव एवं शिक्षकों के बीच शिक्षा, समाज और वर्तमान डिजिटल दौर की चुनौतियों को लेकर आत्मीय चर्चा भी हुई।
साइबर जागरूकता में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण
चर्चा के दौरान थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर अपराध जन-जागरूकता अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और उनके माध्यम से अभिभावकों तथा समाज के अन्य वर्गों तक साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों से साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
प्राचार्य लक्ष्मी प्रसाद पटेल एवं शिक्षिका सुषमा पटेल ने साइबर जागरूकता अभियान से जुड़कर विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने में सक्रिय सहयोग देने की बात कही।
प्राचार्य लक्ष्मी प्रसाद पटेल ने कहा कि वे पूर्व से ही विद्यार्थियों एवं अन्य लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक करते रहे हैं। उन्होंने पुलिस के इस अभियान से जुड़ने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
साइबर ठगी से बचने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
इस दौरान पुलिस एवं शिक्षकों ने नागरिकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, आधार नंबर, बैंक खाता, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल को रिसीव करने से बचें तथा संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर प्रतिक्रिया न दें।
उन्होंने यह भी अपील की कि किसी के कहने मात्र पर बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें और बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें। साइबर धोखाधड़ी होने या किसी संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सूचना दें।
सम्मान से बढ़ा उत्साह
शिक्षक दिवस के अवसर पर किए गए इस आत्मीय सम्मान के लिए लक्ष्मी प्रसाद पटेल एवं सुषमा पटेल ने थाना प्रभारी प्रमोद यादव एवं PSI नेहा चंद्राकर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने के लिए और अधिक प्रेरित करेगा।
थाना सारंगढ़ पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने में शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक एवं समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। सामूहिक जागरूकता, सतर्कता और सावधानी के माध्यम से ही साइबर अपराधों से प्रभावी रूप से बचाव किया जा सकता है।









