
सारंगढ़। सावन के अंतिम सोमवार को नगर व आसपास के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी । सुबह से ही भक्त मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूज- अर्चना करते नजर आए । पूरे नगर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण शिवमय रहा । अंतिम सोमवार के अवसर पर फुलझरियापारा हनुमान सेवा समिति कांवरिया संघ के सदस्यों ने चंद्रपुर से जल लाकर फुलझरिया पारा स्थित भोले बाबा का जलाभिषेक कियें । कांवरिया संघ के सदस्य रविवार रात चंद्रपुर पहुंचे थे । वहां स्नान-ध्यान कर विधि-विधान से जल भरकर नंगे पैर चंद्रपुर से सारंगढ़ के लिए रवाना हुए। रास्ते भर कांवरियों ने नाचते-गाते और भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए यात्रा पूरी की, डीजे की धुन पर नगर भ्रमण करते हुए कांवरिया संघ फुलझरिया पारा पहुंचा, जहां विधि विधान से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कियें । इस अवसर पर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला वहीं तालेश्वर महादेव से जल लेकर सैकड़ों श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते खडगेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे। यहां भी भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। सावन के अंतिम सोमवार को नगर के विभिन्न शिवालयों में दिन भर भक्तिमय माहौल बना रहा।









