छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

*ग्रामीण आंचलों में धूमधाम से मनी बाबा साहब की 135वीं जयंती, जनपद सदस्य हेमा बसंत ने कहा- “संविधान ही सबसे बड़ा ग्रंथ”*

सारंगढ़ । सारंगढ़ 14 अप्रैल 2026
भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती को सारंगढ़ अंचल के ग्रामीण इलाकों में बड़े ही उत्साह और सामाजिक समरसता के साथ मनाई गई। रक्शा, बटाऊपाली अ, डंगनिया और रीवापार गांव में आयोजित जयंती समारोह में जन-जन ने बाबा साहब को नमन किया।

इन चारों गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में सारंगढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 07 की सदस्य श्रीमती हेमा विश्वनाथ बसंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ विश्वनाथ बसंत जिला मंत्री अनुसूचित जाति मोर्चा, हरीशंकर निराला मंडल अध्यक्ष, शिवम् चंद्रा मंडल महामंत्री, संतोष चौहान जिला महामंत्री, रीवापार सरपंच, डंगनिया सरपंच एवं बटाऊपाली अ सरपंच विशेष रूप से मौजूद रहे।

*गांव-गांव गूंजा जय भीम का नारा*
सुबह से ही गांवों में प्रभात फेरी देखने को मिला । युवाओं ने ‘जय भीम’ के नारों के साथ बाइक रैली निकाली। सभी कार्यक्रम स्थलों पर बाबा साहब के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलन किया गया। रीवापार में महिलाओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

*”संविधान ने गांव को अधिकार दिया” : हेमा बसंत*
अपने संबोधन में जनपद सदस्य श्रीमती हेमा विश्वनाथ बसंत ने कहा, “बाबा साहब ने हमें संविधान के रूप में जो सबसे बड़ा ग्रंथ दिया है, उसी की बदौलत आज एक गांव की बेटी जनपद सदस्य बनकर आपके बीच खड़ी है। उन्होंने पंचायतों को अधिकार देकर गांव की सरकार की नींव रखी।”

उन्होंने आगे कहा, “बाबा साहब का सपना था कि गांव का आखिरी व्यक्ति भी सम्मान से जिए। हमें भेदभाव भूलकर शिक्षा पर जोर देना होगा। अपनी बेटियों को पढ़ाइए, क्योंकि शिक्षित मां ही शिक्षित समाज बना सकती है। बाबा साहब ने कहा था – शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो। यह तीन शब्द ही गांव के विकास का मूल मंत्र हैं।”

श्रीमती बसंत ने उपस्थित सरपंचों से अपील की कि वे पंचायत में बाबा साहब के विचारों पर अमल करें और हर योजना को बिना भेदभाव के पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं।

*अतिथियों ने भी रखे विचार*
जिला मंत्री अनुसूचित जाति मोर्चा विश्वनाथ बसंत ने कहा कि बाबा साहब सिर्फ एक जाति के नहीं, पूरे राष्ट्र के नायक हैं। मंडल अध्यक्ष हरीशंकर निराला ने युवाओं से नशामुक्ति और शिक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। मंडल महामंत्री शिवम् चंद्रा एवं जिला महामंत्री संतोष चौहान ने भी बाबा साहब के आर्थिक विचारों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में सभी गांवों में प्रसाद वितरण किया गया। आयोजनों में महिला स्व-सहायता समूह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button