
सारंगढ़ :
जिंदगी की राह में जब चुनौतियां पहाड़ बनकर खड़ी हो जाती हैं, तब बुलंद हौसले ही जीत का परचम लहराते हैं। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है बड़ेमठ (सारंगढ़) की बहू दिव्या मिश्रा ने। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जंग जीतने और कई बार ऑपरेशन के दौर से गुजरने के बाद दिव्या ने ‘मिसेज सावन सुंदरी 2026’ का खिताब अपने नाम किया है।
अदम्य साहस और आत्मविश्वास की जीत-
रायपुर में नवसृजन मंच द्वारा आयोजित सौंदर्य प्रतियोगिता में दिव्या मिश्रा ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और अदम्य इच्छाशक्ति से जजों का दिल जीत लिया। एक समय जब गंभीर बीमारी के कारण उम्मीदें धुंधली पड़ रही थीं, तब उन्होंने हार नहीं मानी। कई ऑपरेशनों का दर्द सहने के बाद भी उन्होंने जी-तोड़ मेहनत की और रैंप पर अपना परचम लहराया।
गोविंद मिश्रा की धर्मपत्नी दिव्या मिश्रा की इस प्रेरणादायक उपलब्धि से उनके गांव बड़ेमठ (सारंगढ़) सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। मिस्टर छत्तीसगढ़ श्री राजेश पप्पू नायक, फाइट मास्टर विजेंद्र गुड्डू सहित परिजनों और क्षेत्रवासियों द्वारा उन्हें और उनके परिवार को लगातार बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं। दिव्या की यह सफलता उन सभी के लिए एक मिसाल है जो कठिन परिस्थितियों में हिम्मत हार जाते हैं।









