छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

नवापारा-जशपुर सड़क निर्माण को मिली स्वीकृति, 331.06 लाख रुपये होंगे खर्च

जिला पंचायत सभापति संतोषी अरविंद खटकर के प्रयास रंग लाए

सारंगढ़। क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात के रूप में नवापारा से जशपुर (कछार) तक लगभग 2 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य को शासन से स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इस सड़क निर्माण पर 331.06 लाख रुपये की लागत व्यय की जाएगी। लंबे समय से लंबित इस मांग के पूरा होने का श्रेय जिला पंचायत सभापति श्रीमती संतोषी अरविंद खटकर के सतत प्रयासों एवं जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दिया जा रहा है।
ज्ञात हो कि श्रीमती खटकर ने पूर्व में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को ज्ञापन सौंपकर नवापारा से जशपुर तक सड़क निर्माण की मांग की थी। उन्होंने अवगत कराया था कि यह मार्ग दोनों गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे हजारों ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सड़क की अनुपलब्धता के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों एवं आम नागरिकों को वर्षों से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
विशेष रूप से वर्षा ऋतु में मार्ग की स्थिति अत्यंत खराब हो जाती थी, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ-साथ ग्रामीणों का संपर्क भी प्रभावित होता था। इस गंभीर समस्या को देखते हुए जिला पंचायत सभापति श्रीमती संतोषी अरविंद खटकर ने लगातार शासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष मामला उठाया और सड़क निर्माण की मांग को प्रमुखता से रखा।
उनके निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप अब नवापारा-जशपुर सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिल गई है। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों को शिक्षा संस्थानों तक पहुंचने में आसानी होगी तथा कृषि, व्यापार एवं क्षेत्र के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों ने जिला पंचायत सभापति श्रीमती संतोषी अरविंद खटकर, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की उम्मीद जताई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button