
सारंगढ़ । थाना भटगांव के अंतर्गत आने वाले ग्राम सलौनीखुर्द से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही कुछ दबंगों ने एक घर में जबरन घुसकर तांडव मचाया और एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में तीनों लोग बुरी तरह घायल हुए हैं, जब कि- एक युवक के सिर पर गंभीर चोट के चलते हालत चिंताजनक बनी हुई है। पीड़ित परिवार द्वारा दी गई जानकारी पर घटना के वक्त सत्य नारायण यादव, गोपीचंद यादव एवं उनकी मां घर पर ही मौजूद थे। इस दौरान पुरानी दुश्मनी की आग में झुलस रहे गांव के ही रवि यादव, गनपत यादव, हराबाई, दिलबाई अचानक उनके घर में घुस आए। इससे पहले कि – परिवार के लोग कुछ समझ पाते, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर ताबड़ तोड़ हमला कर दिया।
बीच-बचाव और चीख-पुकार सुन कर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते भाग निकले । घटना में सत्य नारायण, गोपीचंद और उनकी मां को शरीर में कई जगह चोटें आई हैं। सिर पर गंभीर वार होने से घायल युवक को तत्काल लहूलुहान हालत में नजदीकी स्वा. केंद्र पहुंचाया गया उसका इलाज जारी है। मामले की सूचना भटगांव थाना पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पें पुलिस ने आरोपियों (रवि यादव, गनपत यादव, हराबाई और दिलबाई) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।









