छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज और बढ़े बिल के विरोध में युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में लगातार हो रही अनियमित बिजली कटौती, लो वोल्टेज की समस्या और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर जनाक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। इसी कड़ी में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम बाजपेयी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। बार-बार कटौती के कारण आमजन, किसान, व्यापारी और छात्र सभी परेशान हैं। वहीं लो वोल्टेज की समस्या के चलते घरेलू उपकरण प्रभावित हो रहे हैं और किसानों की सिंचाई व्यवस्था भी बाधित हो रही है। इसके अलावा अत्यधिक बिजली बिल आने से आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम बाजपेयी ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण जनता को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस, युवा कांग्रेस और NSUI के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की।

धरना-प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा कर समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि विभाग अपने वादे पर कितना खरा उतरता है या फिर आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button