छत्तीसगढ़सारंगढ़-बिलाईगढ़

सारंगढ़ जिला अस्पताल में ‘अटल आरोग्य लैब’ का भव्य शुभारंभ..मुख्यमंत्री विष्णु देव साय व स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के ‘हेल्थ मॉडल’ से संवर रहा जिला..

अब एक ही छत के नीचे अत्याधुनिक मशीनों से होंगे 136 प्रकार के एडवांस टेस्ट..

सारंगढ़, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के ‘अंत्योदय और सुशासन’ के संकल्प के तहत छत्तीसगढ़ के वनांचल और नवगठित जिलों में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। इसी कड़ी में आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के चिकित्सा इतिहास में एक बड़ा मील का पत्थर स्थापित हुआ। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में अत्याधुनिक और सर्वसुविधायुक्त ‘अटल आरोग्य लैब’ का गरिमामयी माहौल में भव्य शुभारंभ किया गया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्योति पटेल एवं जिला कलेक्टर महोदया पद्मिनी भोई साहू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर लैब को जनता को समर्पित किया। इससे पहले मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव और सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

एक ही छत के नीचे निशुल्क 136 टेस्ट-

अब तक सारंगढ़ के नागरिकों को जटिल और उच्च-स्तरीय पैथोलॉजी जांच के लिए रायपुर, बिलासपुर या अन्य महानगरों की ओर रुख करना पड़ता था, जिससे उन पर आर्थिक बोझ और मानसिक परेशानी बढ़ती थी। लेकिन अब ‘अटल आरोग्य लैब’ के शुरू होने से कुल 136 प्रकार के एडवांस और सामान्य टेस्ट की निशुल्क सुविधा सीधे जिला अस्पताल में ही निशुल्क मिलने लगेगी।
यह लैब पूरी तरह से डिजिटल और अत्याधुनिक ऑटोमैटिक मशीनों से लैस है, जहां खून, यूरिन सहित अन्य बायोकेमिकल और हार्मोनल जांचें बेहद सटीक और त्वरित गति से की जाएंगी। जाँच की रिपोर्ट मरीज को उनके मोबाईल पर भी डिजिटल रूप में प्रेषित की जाएगी एवं प्रिंट कॉपी भी दी जाएगी।

साय सरकार के नेतृत्व में बदल रही जिले की तस्वीर-

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का विजन है कि इलाज के अभाव में किसी भी गरीब को भटकना न पड़े। यह लैब जिले के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी महानगरों जैसी जांच सुविधा निशुल्क या बेहद रियायती दरों पर उपलब्ध कराएगी।

प्रशासनिक सतर्कता और डॉक्टरों का संकल्प-

जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने इस दौरान लैब का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि मशीनों का रखरखाव और टेस्ट की गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव और सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने मशीनों की कार्यप्रणाली से सभी अतिथियों को अवगत कराया. इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के समस्त विशेषज्ञ डॉक्टर, अधिकारी-कर्मचारी और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण व गणमान्य नागरिक मौजूद थे, जिन्होंने इस सुविधा के लिए शासन-प्रशासन की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button