शासकीय उच्चतर विद्यालय हरदी में वार्षिकोत्सव संपन्न, सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास का मंच : संजय भूषण पांडेय

सारंगढ़ – शासकीय उच्चतर विद्यालय हरदी में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम बच्चों के बहुआयामी व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम बना। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने कहा कि पठन-पाठन के साथ-साथ ऐसे सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पांडेय उपस्थित रहे। उनके साथ कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे, प्रिंसीपल विभावरी सिंह ठाकूर एवं हितेश अजगल्ले की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा अतिरिक्त कक्ष की आवश्यकता से अवगत कराया गया, जिस पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पांडेय ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आगामी बजट में इसे शामिल कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बुनियादी शैक्षणिक सुविधाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने वार्षिकोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के समग्र विकास में सहायक होते हैं तथा इन्हें सभी शासकीय विद्यालयों में नियमित रूप से आयोजित किया जाना चाहिए।














